समाज के हर तबके, गरीब, मजदूर, जरूरतमंदों की सुनवाई हो और उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ मिले : गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू...
महासमुंद : छत्तीसगढ़ के लोक निर्माण, गृह व जिले के प्रभारी मंत्री ताम्रध्वज साहू ने आज ज़िला पंचायत सभागार में विभागीय अधिकारियों के कामकाज की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने जिले में चल रहे विभिन्न विकास कार्याे और कामकाज की समीक्षा की। उन्होंने कहा फ्लैगशिप योजनाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं से हितग्राहियों को लाभान्वित करने विभागीय अधिकारी जिम्मेदारी के साथ काम करें। समय-समय पर इनकी मानिटरिंग भी करें। मंत्री साहू ने कहा कि अधिकारी इस तरह कार्य करें कि शासन के प्रति जनता का विश्वास और सुदृढ़ हो। अधिकारी यह भी सुनिश्चित करें कि समाज के हर वर्ग के गरीब, मजदूर और जरूरतमंदों की सुनवाई हो और उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ मिले।
प्रभारी एवं गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने विभागीय समीक्षा बैठक में कहा कि जिले के गौठानों को बहुउपयोगी और बहुउद्देश्यीय कार्यस्थल के रूप में विकसित किया जाए। इससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। मंत्री साहू ने फसल चक्र परिवर्तन के लिए भी कृषि विभाग को निर्देश दिए है कि किसानों को इस दिशा में जागरूक कर कार्य योजना बनाई जाए। जिले में बारिश के कारण क्षतिग्रस्त पुल-पुलिया और सड़कों की मरम्मत का काम प्राथमिकता के साथ करें। यदि बड़े कार्य है, या सड़कों के नवीनीकरण और डामरीकरण और चौड़ीकारण कार्य के लिए भी प्रस्ताव दें। श्रम विभाग की हितकारी योजनाओं से श्रमिक और उनके परिवार को लाभान्वित किया जाए।
मंत्री साहू ने कहा कि अधिकारी राजीव युवा मितान क्लब पर ध्यान दे रहे हैं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से भी ज़्यादा ध्यान देने की आशा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सरकार की तरफ से राजीव युवा मितान क्लब के माध्यम से युवाओं को राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए संगठित किया जा रहा है। साथ ही युवाओं में नेतृत्व विकास स्वावलंबन, शिक्षा और सांस्कृतिक सहभागिता को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। उन्हें शासन की योजनाओं की भी जानकारी दी जाए। उन्होंने स्थानांतरण नीति के तहत ज़िले में नियमानुसार निर्धारित प्रतिशत अनुसार तृतीय और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के स्थानांतरण के आवेदन प्राप्त होने पर प्राथमिकता और दिव्यांग कर्मचारियों की मानवीयता के आधार पर परीक्षण उपरांत करने की बात कही।
0 टिप्पणियाँ