ब्यूरो रिपोर्ट : भारत में चल रहे हिजाब विवाद में अब इस्लामिक देशों का संगठन ओआईसी (Organization Of Islamic Cooperation) भी कूद पड़ा है। इस्लामिक सहयोग संगठन ओआईसी ने हिजाब विवाद, धर्म संसद और मुस्लिम महिलाओं को ऑनलाइन निशाना बनाए जाने की खबरों को लेकर टिप्पणी की है। संगठन के महासचिव हुसैन इब्राहिम ताहिर ने संयुक्त राष्ट्र से इन मामलों को लेकर जरूरी कदम उठाने के लिए अपील की है।
अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर ओआईसी ने कहा, ‘इस्लामिक सहयोग संगठन के महासचिव ने उत्तराखंड के हरिद्वार में ‘हिंदुत्व’ समर्थकों की ओर से मुसलमानों के नरसंहार के लिए आह्वान, सोशल मीडिया साइट्स पर मुस्लिम महिलाओं के उत्पीड़न की घटनाओं, साथ ही कर्नाटक में मुस्लिम छात्राओं के हिजाब पहनने पर प्रतिबंध लगाने पर गहरी चिंता जताई है।’ इससे पहले पाकिस्तान और अमेरिका भी हिजाब विवाद पर टिप्पणी कर चुके हैं।
ट्वीट में कहा गया, ‘ओआईसी के महासचिव ने इस संबंध में अंतरराष्ट्रीय समुदाय, खासकर संयुक्त राष्ट्र और मानवाधिकार परिषद से जरूरी कदम उठाने का आह्वान किया है। ओआईसी एक बार फिर भारत से आग्रह करता है कि मुस्लिम समुदाय के जीने के अधिकार की रक्षा करते हुए इसके सदस्यों के हितों की रक्षा और सुरक्षा सुनिश्चित करे। साथ ही उनके खिलाफ हिंसा और नफरत जैसे अपराधों को भड़काने वालों और अपराधियों को न्याय के कटघरे में लाए।’
0 टिप्पणियाँ