न्यूट्रिशन में और ज्यादा काम करने पर दिया बल...
मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कामकाज की समीक्षा करते हुए कहा आप लोग जिले के लोगों और यहां के विकास के लिए हर संभव प्रयास कर रहें हैं। उन्होंने क्षेत्रीय विकास और समस्याओं और उसके समाधान के लिए भी अधिकारियों से विस्तार से बात की। उन्होंने कहा नीति आयोग की ओर से जारी लिस्ट में कुछ पैरामीटर में न्यूट्रिशन में और ज्यादा काम करने की जरूरत है। इसकी पूरी योजना बनाकर और तेजी से काम किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि उनसे जो भी मदद चाहिए वो उन्हें बताएं। उनकी ओर से हर संभव मदद मुहैया करायी जाएगी।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास शहरी के छत्तीसगढ़ राज्य में आंकड़ों पर भी बात की। वहीं उन्होंने महासमुंद का प्रधानमंत्री आवास का जिक्र करते हुए कहा कि जिले में 6692 प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत है। जिसमें 4591 आवास पर काम हो रहा है। जिसमें 2796 हितग्राही लाभान्वित हुए है। उन्होंने इसमें आ रही समस्या और उसके समाधान की बात कही। उन्होंने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाएं लोगों के हित के लिए हैं। इन योजनाओं में यदि कोई परेशानी या दिक्कत आती है, उसे बताने में कोई परहेज नहीं करना चाहिए। महासमुंद के न्यूट्रिशन में केन्द्र कैसे सहायता कर सकती है या कोई योजना हो उसे भी सामने रखें। कलेक्टर ने बताया कि कमार जनजाति के 3 से 6 वर्ष आयु के बालक एवं 1 से 49 वर्ष की बालिका और महिलाओं को सप्ताह में तीन दिन उबला अण्डा दिया जा रहा है। इसके अच्छे परिणाम भी आ रहे हैं।
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार की स्वच्छता मिशन, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना या अन्य योजना में जिले में कितनी डिमांड है या कोई डिमांड बचती है वो भी रखें। उन्होंने जल जीवन मिशन के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने पर्यटन को बढ़ावा देने की बात कही। ताकि स्थानीय युवाओं को रोजगार मिले। देश विदेश के लोगों को यहां की कुदरती खूबसूरती को करीब से देखने का मौका मिले। वनमंडलाधिकारी पंकज राजपूत ने वन विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यहां के कोडार जलाशय में वन चेतना केन्द्र, टैंटिंग, बोटिंग विकसित किया गया है। जिसे सैलानियों को अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। टैंटिंग में रुकने और बोटिंग के वाजिब दाम रखे गए है। इस अवसर पर लोकसभा सांसद महासमुंद चुन्नीलाल साहू, पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, पूर्व विधायक सहित कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर, पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला, सीईओ जिला पंचायत एस.आलोक, सीएमएचओ स्वास्थ्य डॉ. एस.आर.बंजारे सहित अधिकारी उपस्थित थे।

0 टिप्पणियाँ