Advertisement

मुख्यमंत्री वृक्ष संपदा योजना का ज्यादा से ज्यादा हो विस्तार... योजना के बारे में विस्तार से जानने के लिए कार्यशाला का आयोजन...

योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने किसानों को किया गया प्रोत्साहित...
महासमुंद : राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘‘मुख्यमंत्री वृक्ष संपदा योजना’’ की तैयारी तथा संचालन के संबंध में आज महासमुंद वन विद्यालय परिसर में कार्यशाला का आयोजन किया गया। पीसीसीएफ़ वी.श्रीनिवास राव के निर्देशानुसार पर मुख्य वन संरक्षक जे.आर.नायक के मार्गदर्शन में कार्यशाला में वनमंडल अधिकारी पंकज राजपूत, उपवनमंडल अधिकारी अब्दुल वहीद खान एवं महासमुंद और बाग़बाहरा परिक्षेत्र के स्टाफ एवं मुख्यमंत्री वृक्ष संपदा योजना के हितग्राहियों एवं कुछ अन्य कृषक बड़ी संख्या में शामिल हुए।
उप संचालक कृषि एफ.आर.कश्यप ने कार्यक्रम में कृषकों एवं हितग्राहियों को योजना के महत्व से अवगत कराया तथा किसानों के लिए इसे बहुत ही लाभकारी योजना बताया। इस दौरान वनमंडल अधिकारी पंकज राजपूत ने योजना के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि 21 मार्च को मुख्यमंत्री द्वारा इस योजना का शुभारंभ किया गया है। कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपवनमंडल अधिकारी अब्दुल वहीद खान ने मुख्यमंत्री वृक्ष संपदा योजना में क्षेत्र तैयारी से लेकर पौधारोपण तक की महत्वपूर्ण तथा तकनीकी जानकारी कृषकों को तथा कर्मचारियों-अधिकारियों को दी।
कार्यक्रम में कृषकों के बीच योजना को लेकर अत्यधिक उत्साह देखा गया। कार्यशाला में योजना के इच्छुक निजी भूमिधारकों और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों को योजना के प्रावधानों की जानकारी देते हुए उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। साथ ही निजी भूमिधारकों और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों से अधिक से अधिक मात्रा में वृक्षारोपण कर इस योजना का लाभ उठाने का आग्रह किया गया। कार्यशाला में वृक्षारोपण के लिए इच्छुक भूमिधारकों और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने अपनी उपलब्ध भूमि में वृक्षारोपण किये जाने की इच्छा जतायी। कार्यशाला में बताया गया कि योजना अंतर्गत टिशू कल्चर सागौन, चंदन, क्लोनल नीलगिरी, मिलिया डुबिया, टिशू कल्चर बांस व अन्य उपयोगी प्रजाति के पौधों का रोपण किया जाएगा।



إرسال تعليق

0 تعليقات