रांची/झारखण्ड : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के 49 वर्षीय नेता हेमंत सोरेन आज झारखंड के 14वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ग्रहण कर चौथी बार झारखंड में मुख्यमंत्री की गद्दी संभालेंगे। उन्हें आज रांची के मोरहाबादी मैदान में, गवर्नर संतोष गंगवार ने शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह को लेकर मोरहाबादी मैदान में चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। वर्ष 2024 विधानसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन को बंपर जीत हासिल हुई है। जेएमएम, कांग्रेस, आरजेडी और भाकपा-माले को 81 में से 56 सीटों पर जीत मिली है। इसमें जेएमएम को 34, कांग्रेस को 16, आरजेडी को 4 और भाकपा-माले को 2 सीटें हासिल हुई हैं। हेमंत सोरेन के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन की यह बड़ी जीत मानी जा रही है। झामुमो का यह अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कहा जा रहा है।
आपको बता दें कि मुख्यमंत्री पद की शपथ के बाद मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा। हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए इंडिया गठबंधन के सभी बड़े नेता कार्यक्रम में पहुंचे थे। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के.शिव कुमार, तमिलनाडू के उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन, कांग्रेस नेता तारिक अनवर, सांसद पप्पू यादव सहित कई नेता कार्यक्रम के अतिथि बने और लाखों की संख्या में इंडिया गठबंधन के सभी दलों के प्रदेश भर के कार्यकर्ता इस ऐतिहासिक शपथग्रहण समारोह के साक्षी बनें।


0 تعليقات