Advertisement

11 मंत्रियों की रूप रेखा... किसे और कौन सी मिली जिम्मेदारी ?...



रांची/झारखण्ड : प्रदेश के मुखिया हेमंत सोरेन ने गुरुवार को अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया और 11 मंत्रियों को शामिल किया। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने रांची के राजभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में इन मंत्रियों को शपथ दिलाई। इस विस्तार के तहत झामुमो से छ:, कांग्रेस से चार और राजद से एक मंत्री बनाया गया है। भाकपा (माले) एल ने खुद को मंत्री पद से दूर रखा है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने पहले ही घोषणा कर दी थी कि पार्टी मंत्रिमंडल का हिस्सा नहीं होगी।


जेएमएम कोटे के मंत्री...

मुख्यमंत्री झारखण्ड सरकार एवं बरहेट विधायक हेमंत सोरेन, चाईबासा विधायक दीपक बिरुआ, बिशुनपुर विधायक चमरा लिंडा, घाटशिला विधायक रामदास सोरेन, मधुपुर विधायक हफीजुल हसन, गोमिया विधायक योगेन्द्र प्रसाद और गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार ने शपथ ली।

कांग्रेस कोटे के मंत्री...

छत्रपुर विधायक राधाकृष्ण किशोर, जामताड़ा विधायक इरफान अंसारी, महगामा विधायक दीपिका पांडे सिंह, और मांडर विधायक शिल्पी नेहा तिर्की अब कैबिनेट का हिस्सा हैं।

आरजेडी कोटे के मंत्री...

चार सीटें जीतने वाली राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) को अपने कोटे में एक मंत्री पद मिला है। गोड्डा विधानसभा क्षेत्र से तीन बार विधायक रहे संजय प्रसाद यादव ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली। वे भारतीय जनता पार्टी के अमित मंडल को हराकर विधायक बने हैं और इन्हें श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास और साथ ही उद्योग विभाग सौंपा गया है।


किस मंत्री को कौन सा विभाग ?...

मंत्रिमंडल विस्तार के क्रम में सबसे पहले स्वयं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने पास कार्मिक, प्रशासनिक सुधार, राजभाषा, गृह (कारा सहित), पथ निर्माण, भवन निर्माण, मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग के अलावा वे सभी विभाग जिसे किसी अन्य को नहीं दिया गया है शामिल हैं।

इसके अलावा छत्रपुर से मंत्री राधाकृष्ण किशोर को वित्त, वाणिज्य कर, योजना एवं विकास और संसदीय कार्य विभाग सौंपा गया है।

चाईबासा से मंत्री दीपक बिरुआ को राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार और परिवहन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।

बिशुनपुर से मंत्री चमरा लिंडा को अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण (अल्पसंख्यक कल्याण को छोड़ कर) विभाग दिया गया है।

घाटशिला से मंत्री रामदास सोरेन को स्कूली शिक्षा, साक्षरता एवं निबंधन विभाग दिया गया है।

जामताड़ा से मंत्री इरफान अंसारी को स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा, परिवार कल्याण, खाद्य, सार्वजनिक वितरण, उपभोक्ता मामले एवं आपदा प्रबंधन विभाग का दायित्व दिया गया है।

मधुपुर से हफीजुल हसन मंत्री को जल संसाधन और अल्पसंख्यक कल्याण विभाग दिया गया।

महगामा से मंत्री श्रीमती दीपिका पांडे सिंह को ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज विभाग दिया गया।

गोमिया से मंत्री योगेन्द्र प्रसाद को पेयजल, स्वक्षता और उत्पाद एवं मद्य निषेद विभाग मिला।

गिरिडीह से मंत्री सुदिव्य कुमार को नगर विकास, आवास, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, पर्यटन, कला एवं संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग दिया गया है।

और मांडर से मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की को कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग का मंत्रालय की कमान सौंपी गई है।






झारखंड चुनाव में 81 विधानसभा सीटों में से जेएमएम के नेतृत्व वाले भारतीय राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने 56 सीटें जीतीं, जबकि एनडीए को सिर्फ़ 24 सीटें मिलीं, जो पिछले विधानसभा चुनाव से कम है। जेएमएम ने 34 सीटें जीतीं, जबकि कांग्रेस को 16 सीटें मिलीं। आरजेडी ने चार सीटें और सीपीआई (एमएल) एल ने दो सीटें जीतीं हैं।


एनडीए में विपक्षी भाजपा ने 21 सीटें जीती हैं और उसके गठबंधन सहयोगी ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (एजेएसयू), लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) और जनता दल (यूनाइटेड) ने एक-एक सीट जीती है। जयराम टाइगर महतो के नेतृत्व वाले झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) ने एक सीट जीती है।

अनुसूचित जनजाति (एसटी) से चार, अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) से चार, अल्पसंख्यक वर्ग से दो और अनुसूचित वर्ग (एससी) से एक विधायक को मंत्री बनाया गया है। केवल हफीजुल हसन ने उर्दू में शपथ ली और शेष मंत्रिपरिषद ने हिंदी में शपथ लीया। इस मंत्रिमंडल में पांच पूर्व मंत्रियों को बरकरार रखा गया है जबकि छह नए चेहरों को मंत्री बनाया गया है।


विधानसभा प्रोटेम स्पीकर भी हुए नियुक्त...

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने अपने संवैधानिक अधिकारों का प्रयोग करते हुए स्टीफन मरांडी को 9 से 12 दिसंबर तक चलने वाले झारखंड विधानसभा के शीतकालीन सत्र के लिए प्रोटेम स्पीकर भी नियुक्त किया।

शपथ ग्रहण समारोह के दौरान सीएम सोरेन और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन जो गांडेय विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं, भी मौजूद थीं। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (आईपीआरडी) के अनुसार, सीएम ने शुक्रवार को दोपहर 3 बजे कैबिनेट सचिवालय में नए मंत्रिपरिषद के साथ अपनी पहली कैबिनेट बैठक बुलाई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ