बोकारो : विधानसभा के पूर्व विधायक और गरीबों की सशक्त आवाज़ रहे माननीय इसराइल अंसारी जी की पुण्यतिथि (यौम-ए-वफ़ात) पर आज पूरे बोकारो जिले ने गहरा सम्मान और श्रद्धा व्यक्त की गई। विभिन्न स्थानों पर आयोजित श्रद्धांजलि सभाओं में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और उन्होंने उनके जनसेवा के कार्यों से याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
लोगों का कहना था कि इसराइल अंसारी जी ने अपने राजनीतिक जीवन में हमेशा गरीबों, मजदूरों और वंचित वर्ग की समस्याओं पर आवाज़ दी। उन्होंने संघर्ष के हर मोर्चे पर जनता के बीच रहकर उनकी तकलीफ़ें सुनीं और उन्हें दूर करने का हर संभव प्रयास किया। यही वजह है कि वे आज भी बोकारो के लोगों के दिलों में बसे हुए हैं।
श्रद्धांजलि देने पहुँचे सामाजिक कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों और आम नागरिकों ने कहा कि इसराइल अंसारी जी का जीवन समाज के लिए प्रेरणा है।
उनके सुपुत्र इस्राफील अंसारी ने कहा कि उनके पिता के सिद्धांत और सेवा भाव को आने वाली पीढ़ियाँ भी याद करेंगी और उनका भी जीवन उनके पिता के पदचिह्नों पर चलेगा।
इस मौके पर मौलाना और उलेमा-ए-कराम ने उनकी मग़फ़िरत के लिए विशेष दुआ की और अल्लाह से उन्हें जन्नतुल फिरदौस में आला मक़ाम अता करने की फरियाद की।
पूरे दिन सोशल मीडिया पर भी उनके समर्थकों और चाहने वालों ने स्मृतियाँ साझा कीं और लिखा कि इसराइल अंसारी जी केवल एक जनप्रतिनिधि नहीं बल्कि जनता के सच्चे हमदर्द थे।


0 टिप्पणियाँ